रूस क्यों छोड़ रहा अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का साथ, जानें हकीकत
रूस ने 2024 के बाद अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के साथ काम न करने का फैसला लिया है। हाल ही में रॉस्कॉस्मॉस के नए चीफ ने आईएसएस से बाहर निकलने की घोषणा की है। नए चीफ यूरी बोरिसोव ने मंगलवार को कहा कि रूस अपना खुद का ऑर्बिटिंग आउटपोस्ट बनाने पर ध्यान दे रहा है। हालांकि, यह घोषणा उन्होंने ऐसे वक्त पर की है, जब यूक्रेन में लड़ाई को लेकर मॉस्को और पश्चिम के बीच काफी तनाव की स्थिति बनी हुई है। घोषणा से लगता है कि रूस और यूक्रेन के युद्ध की लपटें अंतरिक्ष तक पहुंच गई हैं।
एसोसिएट प्रेस के मुताबिक, हाल ही में नियुक्त हुए रॉस्कॉस्मॉस के नए चीफ यूरी बोरिसोव ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रूस 2024 तक आईएसएस छोड़ने का फैसला कर चुका है। उन्होंने आगे कहा, उस समय तक रूस अपना ऑर्बिटिंग स्पेस स्टेशन बनाना शुरू कर देगा। साथ ही उन्होंने आईएसएस का साथ छोड़ने से पहले अपने सहयोगियों के साथ अपने दायित्वों को पूरा करने की बात भी सुनिश्चित की।
नासा ने नहीं की कोई टिप्पणी
गौरतलब है कि नासा और उसके सहयोगियों ने आईएसएस का संचालन 2030 तक जारी रखने की उम्मीद की थी। जबकि रूस ने 2024 आईएसएसके बाद साथ न निभाने का फैसला कर लिया है। रूस के मुताबिक, पुराने हो चुके आईएसएस को सुरक्षित चालू रखने पर काफी लागत आ रही है और लंबे समय तक इसका रखरखाव जारी रखना बहुत मुश्किल है। बता दें कि नासा ने इस घोषणा पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है। नासा के अधिकारियों के मुताबिक, उनकी रूसी समकक्षों से इस मामले पर अभी कोई बातचीत नहीं हुई है।
रूस का साथ न होने से होगी मुश्किल
वहीं विशेषज्ञों का कहना है कि यह घोषणा अप्रत्याशित नहीं है, बल्कि यह 24 वर्ष पुराने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के भविष्य पर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, रूस के बिना अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन को संचालित करना बेहद मुश्किल होगा, शायद यह एक बुरे सपने जैसा होगा।
बता दें कि आईएसएस संयुक्त रूप से रूस, अमेरिका, यूरोप, जापान और कनाडा की अंतरिक्ष एंजेंसियों द्वारा चलाया जाता है। पहली टुकड़ी 1998 में ऑर्बिट में रखी गई थी और आउटपोस्ट लगभग 22 वर्षों से लगातार आबाद है। इसका उपयोग जीरो ग्रेविटी में वैज्ञानिक शोध करने और भविष्य की अंतरिक्ष यात्राओं के लिए उपकरणों का परीक्षण करने के लिए किया जाता है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें