धरती से 20 मील ऊपर ले जाने वाला लग्जरी यान तैयार, कॉकटेल संग मिलेगा अंतरिक्ष यात्रा का लुत्फ, 900 टिकट बिकी

दोस्तों, क्या आपने कभी बेहद ऊंचाई पर जाकर धरती का नजारा देखा है। शायद, कुछ लोगों ने हवाई यात्रा के दौरान धरती का अद्भुत नजारा जरूर देखा होगा। जब हम बहुत ऊपर से नीचे की ओर देखते हैं, तो सब कुछ कितना छोटा नजर आता है और धरती का मनमोहक दृश्य भी दिखता है। इसके साथ ही हवाई यात्रा के जरिए आप और हम आसमान की एक रोमांचक सैर भी करते हैं। 

हालांकि, हवाई जहाज के जरिए आप धरती से 7 से 8 मील ऊपर ही जा सकते हैं। लेकिन अगर आप धरती से 20 मील (105600 फीट) ऊपर जाकर धरती का अद्भुत से भी अद्भुत नजारा देखना चाहते हैं, तो 'स्पेसशिप नेपच्यून' आपका इंतजार कर रहा है। इस यान के जरिए आप अंतरिक्ष की सैर का लुत्फ उठा सकेंगे।


जी हां दोस्तों, फ्लोरिडा की 'स्पेस पर्सपेक्टिव' नामक कंपनी ने अपने स्पेसशिप नेपच्यून का उद्घाटन कर दिया है। कंपनी के मुताबिक, इसके डिजाइन को अंतिम रूप दिया जा चुका है। ये स्पेसशिप बेहद लग्जरी और गोलाकार पॉड जैसा है। इसमें ऐशोआराम से आप सफर का लुत्फ उठा सकते हैं। यह आपको धरती से 20 मील ऊपर छह घंटे की यात्रा पर ले जाएगा। इस गोलाकार पॉड को आसमान में ले जाने का काम एक विशाल गुब्बारा करेगा। 


सफर के लिए खर्च करने होंगे 125,000 डॉलर 
हालांकि, इस शानो-शौकत से भरे सफर के लिए प्रत्येक व्यक्ति को 125,000 डॉलर का भुगतान करना होगा। 'स्पेस पर्सपेक्टिव' सवारियों को एक अनूठा अनुभव देने जा रही है। जेफ बेजोस के ब्लू ओरिजिन और रिचर्ड ब्रैनसन के वर्जिन गैलेक्टिक अंतरिक्ष यान के मुकाबले 'स्पेसशिप नेपच्यून'का सफर काफी आसान और शानदार होगा।

ये सुविधाएं मिलेंगी
खास बात यह है कि पीने के शौकीन लोगों के लिए यहां बार की सुविधा उपलब्ध है। आप कॉकटेल के साथ-साथ आसमानी सफर का शानदार अनुभव ले सकते हैं। इसके साथ ही यहां पर आपके लिए सैटेलाइट इमेज और 360- डिग्री कैमरे भी लगे होंगे, जिसके जरिए आप जूम इन-जूम आउट कर सकेंगे। कैप्सुल जैसे दिखने वाले इस 'स्पेसशिप नेपच्यून' के अंदर का नजारा बेहद ही खूबसूरत है। यात्री 'स्पेसशिप नेपच्यून' के अंदर और बाहर दोनों के ही शानदार दृश्यों से रूबरू हो सकेंगे। 


एक बार में बैठ सकेंगे आठ यात्री
'स्पेस पर्सपेक्टिव' छह घंटे की राउंड ट्रिप के दौरान एक बार में आठ यात्रियों को धरती के मनमोहक दृश्यों को देखने का मौका देगी। बता दें कि कंपनी 900 टिकट बेच चुकी है और 2024 के अंत में कमर्शियल फ्लाइट शुरू करने का लक्ष्य तय कर चुकी है। साथ ही 2025 के लिए रिजर्वेशन भी कर रही है। 



स्पेस पर्सपेक्टिव के को-फाउंडर टैबर मैक्कलम और जेन पोयन्टर ने डेलीमेल डॉट कॉम को बताया कि स्पेसशिप नेपच्यून बनाने के लिए डिजाइन टीम का नेतृत्व डैन विंडो और इसाबेला ट्रानी ने किया। उन्होंने कहा कि अपोलो युग (विज्ञान, इंजीनियरिंग और अंतरिक्ष खोज में विशाल उपलब्धियां हासिल करने वाला समय) ने वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की दो पीढ़ियों को न केवल अंतरिक्ष में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया, बल्कि यह भी बताया कि हम कुछ भी कर सकते हैं। 








सभी फोटो ः स्पेस पर्सपेक्टिव से ली गई हैं।

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

रूस क्यों छोड़ रहा अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का साथ, जानें हकीकत

बालों को उगाने में मदद करेगा यह प्रोटीन, गंजेपन से मिलेगा छुटकारा!